लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत शादी शुदा प्रेमिका से मिलने घर पहुंचे प्रेमी को घर वालों ने पकड़ लिया और हाथ-पैर बांधकर जमकर पिटाई कर दी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मामले को लेकर गांव में दरबार बुलाया गया और शादी-शुदा प्रेमिका को प्रेमी के सुपुर्द कर दिया गया है। इसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सूरजपुर जिले के तेलईकछार का विवाहित प्रेमी युवक, अपनी प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल ग्राम लखनपुर थाना क्षेत्र के पुहपुटरा गांव आया था। आधी रात को मौका देखकर वह अपनी प्रेमिका के घर में घुस गया। इसी दौरान घर वालों ने उसे पकड़ लिया और प्रेमी-प्रेमिका का हाथ-पैर बांधकर प्रेमी की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी बनाया और गांव में सामाजिक बैठक करके मामले का निपटारा करते हुए शादी-शुदा महिला को प्रेमी को सुपुर्द कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से किसी भी प्रकार की शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद बताया जा रहा है कि प्रेमी प्रेमिका दोनों विवाहित हैं। इनके बीच पूर्व से ही प्रेम संबंध था।

Spread the love