अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के थाना सनावल की पुलिस टीम ने बोलेरो वाहन में अंतर्राज्यीय सीमा से डीजल भरकर बिक्री के लिए ला रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान बोलेरो वाहन में 18 जरकिन में ज्वलनशील पदार्थ डीजल भरा पाया गया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा के साथ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक सनावल थाना के सहायक उप निरीक्षक गौटिया राम मराबी, 22 सितम्बर को प्रधान आरक्षक के साथ पेट्रोलिंग के लिए ग्राम सनावल, पचावल, त्रिशुली की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से मोबाइल फोन में सूचना मिली कि ग्राम त्रिशुली के अंतर्राज्यीय सीमा उत्तर प्रदेश के रास्ते से एक चार पहिया बोलेरो वाहन क्रमांक यूपी 70 बीई 3092 में दो व्यक्ति अवैध रूप से जरकिन में डीजल भरकर बिक्री करने के लिए छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने त्रिशुली रोड में पचावल पुलिया के पास नाकाबंदी करके बोलेरो वाहन को रोका और चेक किया तो 18 जरकिन में डीजल भरा मिला। प्लास्टिक के जरकिन में 30-30 लीटर डीजल भरा हुआ था, जिसकी कुल मात्रा 540 लीटर, कीमती 51 हजार 300 रुपये है। बोलेरो वाहन में नीरज कुमार पिता सरमन 27 वर्ष निवासी ग्राम मनरूटोला थाना बभनी व संदीप कुमार पिता रामबरन 23 वर्ष निवासी सागोबांध थाना बभनी जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश सवार थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 287,3(5) बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3, 7 के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों के पास पुलिस को अवैध रूप से डीजल का असुरक्षित तरीके से परिवहन व बिक्री करने के संबध में वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध डीजल एवं बोलेरो वाहन को जप्त कर लिया है।

Spread the love