खेत से मूंगफली खाने को हुआ था विवाद, सोमवार की रात नकना चौक के पास हुई दिल दहला देने वाली वारदात
थाने में धमकी देने के बाद वारदात, शिकायत को रामानुजनगर पुलिस नहीं दी तवज्जो
सूरजपुर। जिले के रामानुजगनगर ब्लॉक के तिवरागुड़ी में सोमवार की देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। खेत से मूंगफली खाने के विवाद में पहले एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक नाबालिग की बेदम पिटाई कर दी, फिर मामला थाने तक पहुंचा। मारपीट करने वाले आरोपियों ने थाने में दूसरे पक्ष के पिता व उसके 2 पुत्रों को बोलेरो से कुचल देने की धमकी दी। कुछ देर बाद ही पिता व उसके दो पुत्रों को बोलेरो से कुचल दिया। बोलेरो से कुचलने की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना में पिता व उसके बड़े पुत्र की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरागुड़ी निवासी त्रिवेणी रवि 41 वर्ष ने अपने खेत में मूंगफली की खेती की है। फसल लगभग तैयार हो चुकी है। सोमवार की शाम को उसका छोटा बेटा करण 16 वर्ष खेत की रखवाली करने गया था। इस दौरान वह खेत के मेड़ पर बैठकर मूंगफली खा रहा था। इसी दौरान रिश्तेदार नर्मदा सोनवानी अपने 2 पुत्रों ओमप्रकाश व एक अन्य के साथ वहां बोलेरो से पहुंचा। नर्मदा सोनवानी ने भी बगल के खेत में मूंगफली की खेती की है। उन्होंने करण को मूंगफली खाते देखा और यह कहते हुए उसकी पिटाई कर दिया कि वह उनके खेत की मूंगफली उखाड़कर खा रहा है। तीनों ने उसे रॉड से बेदम पीटा और उसका मोबाइल तोड़ दिया। यह बात जब त्रिवेणी को पता चली तो वह अपने बड़े बेटे राजा बाबू 21 वर्ष के साथ मौके पर पहुंचा और बेटे करण की पिटाई पर आपत्ति जताई। इसके बाद नर्मदा सोनवानी ने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर त्रिवेणी व उसके दोनों बेटों को फिर पीटा। मारपीट के बाद पीड़ित त्रिवेणी अपने दोनों पुत्रों के साथ थाने में पहुंचा और शिकायत दर्ज कराया। इस पर पुलिस ने नर्मदा व उसके दोनों पुत्रों को वहां बुलाया। यहां पुलिस के सामने दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इस बीच नर्मदा सोनवानी के पुत्र ओमप्रकाश ने बोलेरो चढ़ाकर मार डालने की धमकी भी दी। थाने से जब त्रिवेणी व उसके दोनों पुत्र बाइक से घर जाने लगे तो 2 बार उन्हें बोलेरो से टक्कर मारने की कोशिश की गई, लेकिन वे किसी तरह बच निकले। इसकी शिकायत उन्होंने पुन: थाने में की, लेकिन पुलिस की ओर से मामले को ज्यादा तवज्जो नहीं दिया गया।
रात 11 बजे बोलेरो चढ़ाकर मार डाला
थाने में शिकायत करने के बाद त्रिवेणी रवि अपने बड़े पुत्र राजा बाबू व छोटे पुत्र करण के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी बीच रात करीब 11 बजे ग्राम नकना चौक के पास नर्मदा सोनवानी के पुत्र ओमप्रकाश ने तेज रफ्तार बोलेरो से उन्हें कुचल दिया। इससे तीनों हवा में करीब 10 फीट उछलते हुए एक घर की दीवार व खम्भे से टकरा गए। इस दौरान त्रिवेणी रवि के बड़े पुत्र राजा बाबू की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाते वक्त मौत हो गई, जबकि छोटे पुत्र करण रवि को गंभीर हालत में सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बाइक सवार पिता व पुत्रों को बोलेरो से कुचलने की घटना ग्राम नकना चौक के पास एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि काफी तेज रफ्तार में बोलेरो ने पिता-पुत्रों को टक्कर मारी है। कुछ देर तक वे तड़पते रहे, इसके बाद उनके शरीर में कोई हलचल नजर नहीं आई।

Spread the love