संघर्ष की बनी स्थिति के बीच चाकू टूटा, गला दबाकर कर दिया हत्या
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अंतर्गत थाना रघुनाथनगर पुलिस में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस सुलझा ली है। मामला रुपये के लेन-देन को लेकर परिचित की निर्मम हत्या से जुड़ा है। ब्याज सहित 15 लाख रुपये की वसूली के दबाव ने आरोपी को इस हद तक पहुंचा दिया, कि वह अपने परिचित पर पहले तो चाकू से वार किया, बाद में गला दबाकर हत्या कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को ग्राम चपोता स्थित रेण नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच शुरू की गई। शव के पास 50 मीटर दूर एक मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर क्रमांक एमपी 66 एमडी 8406 भी मिला था। जांच और शव की पहचान के दौरान पता चला कि शिवराज सिंह पिता जमुना सिंह 45 वर्ष, ग्राम पंडरी, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली मध्य प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने शव का मौके पर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि होने पर पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज करके विवेचना शुरू की। मौके से टूटे चाकू का हत्था, संघर्ष के निशान और अन्य सुराग जुटाए गए। तकनीकी विवेचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की नजर संदिग्ध सियाचंद वैश्य 43 वर्ष, निवासी भाऊखंड, थाना माडा, सिंगरौली तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने मृतक से करीब 7.5 लाख रुपये 5 प्रतिशत ब्याज पर लिए थे, जो बढ़कर 15 लाख तक पहुंच गया था। रुपये देने के लिए दबाव बनाने से परेशान होकर वह सुनियोजित तरीके से हत्या का रास्ता चुना, और चाकू खरीदा। इसके बाद मृतक को जमीन दिखाने के बहाने ग्राम चपोता बुलाया। यहां मृतक की बाइक में बैठकर नदी किनारे पहुंचा और मौका पाकर चाकू से हमला किया। हाथापाई में चाकू टूट गया, इसके बाद वह गला दबाकर उसकी हत्या कर दिया था और साक्ष्य समाप्त करने के उद्देश्य से मृतक के शव को नदी में फेंक दिया था। घटना के बाद आरोपी, मृतक के जेब से 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गया था और खून से सने कपड़े को झाड़ियों में छिपा दिया था। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, कपड़े, 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद किया है। आरोपी को 3 सितंबर की शाम गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Spread the love