अंबिकापुर। प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की तस्करी के मामले में पुलिस ने आरोपी एवं सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 58 नग प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया, इसकी कीमत 58 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी से सप्लायर को ट्रांसफर किए गए रकम, वाट्सअप चैटिंग का स्क्रीन शॉट एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल जप्त किया है। आरोपी उक्त इंजेक्शन को सप्लायर से क्रय करके स्वयं उपयोग करने एवं बिक्री करने के लिए लाया था।
जानकारी के मुताबिक थाना गांधीनगर पुलिस टीम को 2 सितम्बर को मुखबिर से सूचना मिली कि होण्डा एसपी मोटरसायकल क्रमांक सीजी 30 एफ 3359 में सवार शुभम विश्वास भारी मात्रा में नारकोटिक्स युक्त नशीला इंजेक्शन रखकर डिगमा रोड में बिक्री हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और संदेही शुभम विश्वास पिता संजय विश्वास 23 वर्ष निवासी आरागाही रामानुजगंज, हालिया ठिकाना कमोदा बिहार के पास थाना गांधीनगर के मोटरसायकल के हैंडल में लटके कैरी बैग की तलाशी ली, तो अलग-अलग नाम से 28-28 नग, कुल 56 नग इंजेक्शन मिला। प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के सबंध में आरोपी से पूछताछ करने पर वह नशीला इंजेक्शन को स्वयं उपयोग व बिक्री करने के लिए फारूख अंसारी निवासी रामानुजगंज से खरीदना बताया। आरोपी के मोबाइल का अवलोकन करने के बाद पुलिस टीम ने फारूख अंसारी को ट्रांसफर किए गए रकम व वाट्सअप चैटिंग का स्क्रीन शॉट एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल जप्त किया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने माल सप्लायर फारूख अंसारी फारुख अंसारी पिता स्व. अली हसन 33 वर्ष निवासी धोबीपारा, वार्ड क्रमांक 08 थाना रामानुजगंज को हिरासत में लिया। आरोपियों के विरुद्ध थाना गांधीनगर में धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, आरक्षक विकास सिंह, अतुल शर्मा, राहुल सिंह, घनश्याम देवांगन, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह सक्रिय रहे।

Spread the love