रुपये नहीं देने पर आरोपी ने मारपीट की घटना को दिया था अंजाम
अंबिकापुर। थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने महिला की हत्या के मामले में लगभग डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक ने रुपये नहीं देने पर महिला से मारपीट की घटना को अंजाम दिया था, बाद में अस्पताल में भर्ती करके भाग गया था।
जानकारी के मुताबिक मृतिका सफीरा तिग्गा, पति की मृत्यु होने के बाद सोनू पंडित के साथ मनेन्द्रगढ़ रोड में पीजी कॉलेज के सामने झोपड़ी बनाकर रहती थी। 13.04.24 को सोनू पंडित के द्वारा सफीरा तिग्गा से रुपये की मांग की गई, और रुपये नहीं देने पर वह उसके साथ मारपीट किया था, जिससे क्षुब्ध होकर वह चोपड़ापारा में सोमारी मानिकपुरी के पास चली गई थी। 14.04.24 को सोनू पंडित चोपड़ापारा से सफीरा तिग्गा को घर ले जाने की बात कहकर आकाशवाणी चौक के पास लाया और हाथ, मुक्का, लात से मारपीट किया था, जिसमें उसे अत्यधिक चोट आई थी। इसके बाद सफीरा को आरोपी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया और उसे छोड़कर भाग गया। इलाज के दौरान 19.04.24 को उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पुलिस सहायता केन्द्र में बिना नंबरी मर्ग कायम करके मृतिका के शव का पंचनामा, पोस्टमार्टम कराया गया था और मर्ग कायम कर जांच में पुलिस जुटी थी। इस दौरान पुलिस ने मृतिका के स्वजन एवं अन्य गवाहों का कथन लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतिका के शरीर में अत्यधिक चोट आने से मृत्यु होना व मृतिका की हत्यात्मक प्रवृत्ति का होना सामने आया। जांच में सामने आया कि सोनू पंडित के द्वारा की गई मारपीट से आई चोट के कारण महिला की मृत्यु हुई है, जिस पर थाना गांधीनगर में धारा 302 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस टीम आरोपी के तलाश में लगी थी, लेकिन वह पुलिस से लुक-छिप रहा था। पुलिस टीम ने प्रयास नहीं छोड़ा और आरोपी बृजेश उपाध्याय उर्फ सोनू पंडित पिता सच्चिदानंद उपाध्याय 39 वर्ष, निवासी सत्तीपारा शीतला वार्ड को गिरफ्तार करके घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने मृतिका के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, आरक्षक अतुल शर्मा, सुरेश तिवारी, राजकुमार यादव, थाना मणिपुर से आरक्षक उमाशंकर साहू सक्रिय रहे।

Spread the love