सरगुजा संभाग के बलरामपुर और जशपुर जिले में हुए दो दर्दनाक हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जहां एक ओर बगीचा थाना क्षेत्र में बेकाबू बोलेरो वाहन की चपेट में आए श्रद्धालुओं की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त किया है, वहीं प्रदेश के आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम बलरामपुर जिले में बांध के फूटने से ग्रामीणों का घर बहने और 4 शवों के बरामदगी की घटना सामने आने के बाद कोरबा से अपने सारे कार्यक्रम रद्द करके मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए पीड़ित ग्रामीणों को ढाढस बंधाया।
गणेश विसर्जन में उमड़ी भीड़ को बेकाबू बोलेरो के चालक ने रौंदा, 3 की मौत, 30 घायल
अंबिकापुर/जशपुरनगर। जशपुर जिला के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुरुडांड में गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा के दौरान भीड़ में अनियंत्रित बोलेरो वाहन घुस गई। हादसे में महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई, 30 से अधिक घायल हो गए। हादसे में घायल हुए 22 लोगों को बेहतर उपचार हेतु अंबिकापुर रेफर किया गया है, इनमें से 15 का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में तथा 7 का इलाज निजी अस्पताल में व शेष 8 घायलों का इलाज बगीचा सीएचसी में चल रहा है। घायलों में 2 की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे से बौखलाए लोगों ने बोलेरो वाहन के चालक की जमकर पिटाई कर दी, इसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जप्त कर लिया है। हादसे में अरविंद करकेट्टा 19 वर्ष, विपिन कुमार प्रजापति 17 वर्ष और खिरोवती यादव 32 वर्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुधवार को इनके शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों के सुपुर्द किया गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार घटना जशपुर के बगीचा थाना अंतर्गत जुरुडांड स्टेट हाईवे पर मंगलवार को देर रात करीब 11 बजे हुआ। बेकाबू बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 का चालक भगवान गणपति की प्रतिमा विसर्जन करने के लिए शोभायात्रा में जा रहे श्रद्धालुओं को कुचलते चला गया, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। शोभायात्रा में लगभग डेढ़ सौ ग्रामीण शामिल थे, जो डीजे के धुन पर नाचते-गाते जा रहे थे। बोलेरो रायकेरा की ओर से आ रही थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई। पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। आक्रोशित भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई की, वहीं बोलेरो में सवार अन्य लोग फरार हो गए। घायलों को संजीवनी 108 की मदद से बगीचा अस्पताल लाया गया। कांसाबेल, कुनकुरी, सन्ना समेत जिले के अन्य अस्पतालों से संजीवनी एम्बुलेंस को बुलाया गया और प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर रूप से घायलों को रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंचे एसडीओपी दिलीप कोसले, एसडीएम प्रदीप राठिया, तहसीलदार महेश्वर उईके और पुलिस बल राहत-बचाव में सक्रिय रहे। देर रात एक बजे एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। हादसे में लगभग 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
देर रात कलेक्टर पहुंचे बगीचा अस्पतालदर्दनाक हादसे की खबर पर जशपुर जिला कलेक्टर रोहित व्यास देर रात 2 बजे बगीचा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों व मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अत्यधिक गंभीर लोगों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, इनकी मॉनिटरिंग के लिए दो नायब तहसीलदार व मेडिकल ऑफिसर को अंबिकापुर भेजा गया। घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई जा रही है। सीएमएचओ जीएस जात्रा ने बगीचा अस्पताल में स्वास्थ्य अमले को अलर्ट करते हुए तत्काल घायलों के इलाज की पहल की। उन्होंने बताया कि घटना में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जरूरत के अनुरूप रेफर किया गया है।
एक रायपुर रिफर, कुछ आईसीयू में भर्ती
भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायलों को अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती कराने का सिलसिला देर रात सेे ही शुरू हो गया था। घायलों में नारायण यादव 45 वर्ष की स्थिति गंभीर होने के कारण आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया है। आरती विश्वकर्मा 37 वर्ष, चालक सुखसागर यादव 40 वर्ष की हालत भी गंभीर है, इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। अन्य घायलों में गायत्री यादव 15 वर्ष, देवंती यादव 27 वर्ष, हेमंत यादव 70 वर्ष, चंदा 16 वर्ष, परमानंद 20 वर्ष, खुशी 6 वर्ष, धरमू यादव 50 वर्ष, संतोष 55 वर्ष, पिंकी 18 वर्ष, याहुसू लकड़ा 14 वर्ष, गुलाबी यादव 49 वर्ष, निरंजन यादव 65 वर्ष शामिल हैं। आहत ललिता कुमारी पति स्व. नीलाम्बर को उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घायल व मृतक ग्राम जुरूडांड व बगीचा के रहने वाले हैं। फकीर यादव, नीलू यादव, संदीप यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, अभिमन्यु, हेमानंद भी हादसे में घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, आर्थिक सहायता राशि का ऐलान

जशपुर जिले के जुरुडांड, बगीचा में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मृत्यु व कई अन्य के घायल होने की दुखद खबर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस दु:खद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के स्वजनों एवं घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये एवं घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
घायलों से मिलने पहुंचे विधायक, कलेक्टर और एसपी
गणेश विसर्जन के दौरान हुए सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही रात्रि करीब 12.30 बजे विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात करने के बाद बेहतर उपचार हेतु डॉक्टरों को निर्देशित किया। इस दु:खद दुर्घटना में मृत हुए 3 लोगों के स्वजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन द्वारा सभी घायलों को हरसंभव चिकित्सीय एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर प्रबंधन रहा अलर्ट

मुख्यमंत्री के गृहजिला में भगवान श्री गणेश के विसर्जन शोभायात्रा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे की खबर मिलने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर का प्रबंधन अलर्ट रहा। गंभीर रूप से घायलों को रेफर करने की संभावना पर रात में ही आपात चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई थी। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या, मेडिकल अफसर डॉ. जेके रेलवानी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के साथ डटे थे। जैसे ही घायलों को लाने का सिलसिला शुरू हुआ, जरूरत के अनुरूप इन्हें आपातकालीन चिकित्सा परिसर में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही एसआईसीयू और मेल-फिमेल सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया। चिकित्सा अधीक्षक ने घायलों की स्थिति का जायजा लेने के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा घायलों को प्रदान करने के निर्देश दिए।

Spread the love