बालक आश्रम में पेड़ की कटाई के दौरान टांगी के वार से हुआ था घायल, हो गई थी मौत
बलरामपुर। जिले के बालक आश्रम जरहाडीह में खेलते समय हुई हृदयविदारक घटना में 10 वर्षीय छात्र अभय कच्छप पिता साहेबा कच्छप की मौत हो गई थी। मामले में प्रथमतया पेड़ कटाई के समय लापरवाही बरतना सामने आया है, जिससे छात्र को गंभीर चोटें आई थी।
थाना बलरामपुर के पुलिस चौकी गणेश मोड़ ने जांच के दौरान पाया कि 31 अगस्त को आश्रम परिसर में भृत्य करमसाय पण्डो झाड़ी, पेड़ की कटाई कर रहा था। इस दौरान छात्र अभय खेलते-खेलते वहीं पहुंच गया। अचानक टांगी के वार से उसका बायां पैर घुटने के पास गहराई से कट गया। अत्यधिक खून बहने से उसे अस्पताल ले जाया गया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अग्रिम जांच में पाया कि आश्रम में बच्चों के सुरक्षा की जिम्मेदारी छात्रावास अधीक्षक दिनेश कुमार पर थी, लेकिन उन्होंने लापरवाही बरतते हुए भृत्य से बच्चों की मौजूदगी के बीच पेड़ कटवाया। स्थल निरीक्षण के आधार पर आरोपी करमसाय पण्डो पिता बिरझू 40 वर्ष निवासी बालक आश्रम जरहाडीह और अधीक्षक दिनेश कुमार पिता अहिबरन निवासी ग्राम महराजगंज, चौकी गणेश मोड़ के खिलाफ धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया करते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Spread the love