दो महीने में 17 इंजेक्शन, टेबलेट एवं कफ सिरप विक्रेताओं को भेजा जेल
अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम नशे के सौदागरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 30 अगस्त को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि सत्तीपारा का कालू रानी सती मंदिर के पास इंजेक्शन बेच रहा है। सूचना पर वे उड़नदस्ता टीम के साथ रानी सती मंदिर के चारों तरफ से घेराबंदी करते पहुंचे, तो संदिग्ध व्यक्ति एक बिल्डिंग के पास हाथ में थैला पकड़े नजर आया, जो शासकीय वाहन को देखकर भागने का प्रयास किया, इसे दौड़ाकर आरक्षक ने पकड़ा। पूछने पर वह अपना नाम आशीष ठाकुर उर्फ कालू बताया। थैले की तलाशी लेने पर उसमें 15-15 नग अलग-अलग नाम का इंजेक्शन मिला, जिसे नशेड़ियों को बेचने के फिराक में था। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय अंबिकापुर में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ।
अगस्त माह में 8वीं कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा जिले को नशीले इंजेक्शन से मुक्त करने की दिशा में अथक प्रयास जारी है। उड़नदस्ता टीम की अगस्त महीने में नशीले इंजेक्शन के विरुद्ध यह 8वीं कार्रवाई है। इसके पहले 2 महीने में 17 इंजेक्शन, टैबलेट एवं कफ सिरप विक्रेताओं को जेल दाखिल किया गया है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ मुख्य आरक्षक कुमारु राम, नगर सैनिक गणेश पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता सक्रिय रहे।

Spread the love