घटना से आक्रोशित हुए लोग, कार सवारों का निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
अंबिकापुर। शहर के दरिमा रोड पर बुधवार को अनियंत्रित तेज रफ्तार कार, पैदल जा रही तीन लड़कियों को टक्कर मारते हुए बिजली ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गई। हादसे में तीनों लड़कियां घायल हुई हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा चंपा नाला के पास हुआ, तीनों लड़कियां पैदल अंबिकापुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 10 बीएच 5525 का चालक इन लड़कियों को टक्कर मार दिया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लड़कियों को टक्कर मारने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। घायलों में जयंती कोरवा (15) निवासी मानिक प्रकाशपुर लिमपारा, साक्षी पाण्डेय (15) और उर्मिला नागेश (16) दोनों निवासी चंपा नाला के पास शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में महिला, पुरुष, बच्चे समेत 4-5 लोग सवार थे। हादसे में कार सवार को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली व मणिपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन मंगवाकर घटनास्थल से हटवाया और दुर्घटना में घायल तीनों लड़कियों की स्थिति की जानकारी लेने अस्पताल पहुंची।
मौके पर पहुंचे सीएसपी
घटना की सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल मौके पर पहुंचे, और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बाद लोग आक्रोशित नजर आ रहे थे। इनके द्वारा घटना में घायल गरीब परिवार के लड़कियों को अच्छी उपचार सुविधा मिले, इसके लिए आवाज उठाई जा रही थी। वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारियों के मौजूदगी में ऐसा ही शोर सुनने को मिल रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारी तीनों घायलों की स्थिति को खतरे से बाहर बता रहे हैं।

Spread the love