बैंक खाते में साइबर ठगी का 2 लाख 4 हजार 70 रुपये हुआ लेनदेन
अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस टीम ने तीन अलग-अलग सीम के जरिए म्यूल एकाउंट खुलवाकर देने और कमीशन प्राप्त करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 2000 रुपये प्रति खाता में कमीशन मिलने के लालच में आकर अपना म्यूल एकाउंट एवं फर्जी सिम चालू करवाकर घटना कारित किया था। म्यूल खाते के माध्यम से अलग-अलग राज्यों से कुल 204070 रुपये की ठगी की गई है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है।
जानकारी के मुताबिक भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार फर्जी मोबाइल नम्बरों को जारी करने वाले प्वाईस आफ सेल्स (पीओएस) के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के सबंध में दिशा-निर्देश दिए गए थे। मामले कों संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा थाना कोतवाली पुलिस टीम को अग्रिम जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया था। कोतवाली पुलिस टीम ने मामले में तस्दीक करते हुए प्रकरण के पीड़ितों का कथन दर्ज किया, जो अपने कथन में बताए कि वर्ष 2024 में आरोपी पीड़ितों को बताए कि उनके नाम से खाता खुलवाकर देने पर एक हजार रुपये दिया जाएगा, इनके द्वारा अपना खाता खोलवाने के लिए आरोपियों को अपना परिचय पत्र, पैन कार्ड, फोटो दिया गया था, इसके बाद आरोपी विभिन्न बैंकों में इन्हें ले जाकर खाता खुलवाए और उनका पासबुक ले लेकर अलग-अलग जगहों से इनके नाम पर अलग-अलग कम्पनी का सीम लेकर स्वयं रख लिए। बाद में आरोपियों के द्वारा सभी बैंकों का एटीएम, चेक बनवाकर अपने पास रख लिया, जिसे एक माह बाद वापस करने के लिए बोले थे, लेकिन आज दिनांक तक वापस नहीं किए। मामले में धारा 318(4), 3(5), 319 (2), 111(2) बी.एन.एस. एवं 66(ग) आई.टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पूर्व में पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में शामिल आरोपी रवि कश्यप, अमलेश्वर कुमार वैष्णव व गौतम सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। इसी क्रम में वरिष्ठ कार्यालय से 26.08.2025 को तस्दीक कार्रवाई हेतु प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा म्यूल अकाउंट नम्बर के खाता धारक विनय प्रजापति विनय प्रजापति पिता भैयालाल प्रजापति 30 वर्ष, निवासी पलगड़ी महादेव पारा थाना दरिमा को गिरफ्तार किया गया। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अमलेश्वर वैष्णव के साथ मिलकर अपने नाम से तीन सीम निकलवाकर तीन अलग-अलग बैंक में अपना बैंक खाता खुलवाकर पासबुक, एटीएम, चेक बुक अमलेश्वर को देना बताया। इसके एवज में उसे कमीशन के तौर पर 2000 रुपये प्रति बैंक खाता के हिसाब से 6000 रुपये मिला था। पुलिस ने पाया कि आरोपी के द्वारा वित्तीय अनिमियता हेतु अपने नाम से सीम निलवाकर बैंक खाता पासबुक, एटीएम, चेक बुक पूर्व में गिरफ्तार आरोपी को दिया गया था। आरोपी के बैंक खाते में अलग-अलग राज्यों से 2 लाख 4 हजार 70 रुपये का फाइनेंसियल फ्रॉड हुआ है। प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में अग्रिम जांच, विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक विजय गुप्ता, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक वीरेंद्र पैकरा, अमनपुरी, राहुल केरकेट्टा, शिव राजवाड़े, मंटू लाल गुप्ता, देशराम पैकरा सक्रिय रहे।

Spread the love