आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त-रामानुजनगर की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के जरही में स्थित शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान का भौतिक सत्यापन करने पर 3 लाख 26 हजार 800 रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। गड़बड़ी में दुकान के मुख्य विक्रेता के अलावा सहयोगी कर्मचारी और मल्टीपरपज वर्कर की मिलीभगत सामने आई है। इनके विरूद्ध भटगांव थाने में आबकारी उपनिरीक्षक के पद पर वृत्त रामानुजनगर व विदेशी मदिरा दुकान जरही के प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक कार्यालय आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त-रामानुजनगर को 7 अगस्त को पुलिस थाना भटगांव द्वारा सूचित किया गया था कि विदेशी मदिरा दुकान में कार्यरत कर्मचारियों के द्वारा मदिरा में मिलावट कर मिलावटी शराब का विक्रय किया जा रहा है, जिस पर तत्काल कार्रवाई किया जाना आवश्यक है। इसके आधार पर आबकारी उपनिरीक्षक स्टाफ के साथ विदेशी मदिरा दुकान जरही पहुंचे। दुकान में मुख्य विक्रयकर्ता अनिकेश गुप्ता, विक्रयकर्ता इंद्रदेव राजवाड़े, मुनेश्वर सिंह एवं मल्टीपर्पज वर्कर गंगा राम उपस्थित थे। इनके समक्ष दुकान की तलाशी लेने पर मैकडावेल नम्बर 1 व्हिस्की के 38 नग बोतल, रॉयल स्टेग व्हिस्की के 10 नग बोतल तथा ब्लेंडर प्राइड व्हिस्की के 01 नग बोतल (प्रत्येक बोतल में 750 मिलीलीटर भरा हुआ) संदिग्ध होना पाया गया। उक्त मदिरा की बोतलों के होलोग्राम व ढक्कन में छेड़छाड़ किया गया था। जांच करने पर उक्त मदिरा में मिलावट पाया गया। मदिरा में पानी मिलावट कर मदिरा का तेजी कम किया गया था। उपस्थित कर्मचारियों से पूछने पर उन्होंने बताया गया कि बरामद मदिरा में पानी मिलावट कर विक्रय करने के लिए रखा गया है, इसकी जानकारी सभी दुकान के कर्मचारियों को थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी विक्रयकर्ता इंद्रदेव राजवाड़े, मुनेश्वर सिंह एवं मल्टी पर्पज वर्कर गंगा राम भीड़ का फायदा उठाकर कर मौके से भाग गए। दुकान के कर्मचारियों के विरूद्ध मदिरा में पानी मिलावट कर होलोग्राम एवं ढक्कनों से छेड़छाड़ करने पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, 34(2), 38 (क), 39 (ख), 39 (ग), 59 (क) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है। दुकान के मुख्य विक्रयकर्ता अनिकेश गुप्ता द्वारा जिला आबकारी कार्यालय सूरजपुर को 06 अगस्त को भेजे गए रजिस्टर के प्रारंभिक स्कंध के आधार पर दुकान में रखे मदिरा स्कंध का भौतिक सत्यापन करने पर भारी गड़बड़ी सामने आई है। मामले में पुलिस ने भी आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है, और वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love