बिश्रामपुर। एसएसपी प्रशांत सिंह ठाकुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष मुहिम के तहत सूरजपुर पुलिस ने पूरे जिले में विशेष ड्राइव चलाया और दो सौ लोगों को नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़कर उनसे 19 लाख रुपए से अधिक जुर्माना राशि वसूल की है। जिले के यातायात प्रभारी बृजकिशोर पांडेय ने बताया विशेष मुहिम के तहत जिले भर की थाना चौकियों और उनकी यातायात की टीम ने अलग अलग दिनों में थाना चौकियों के सामने स्टेट हाइवे नेशनल हाईवे में कैंप कर एक हजार से अधिक वाहनों की जांच की, जिसमें दो सौ वाहन चालकों को जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा है। पुलिस ने 190 के करीब प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए, जिनसे बतौर जुर्माना करीब उन्नीस लाख रुपए की राशि शासकीय कोष में जमा कराया गया है, जबकि दस प्रकरण न्यायालय में पेश करना शेष बताया गया है। उन्होंने आह्वान किया है कि शराब के नशे की हालत में लोग वाहन न चलाएं, यह केवल वाहन चलाने वाले बल्कि सड़क पर यात्रा करने वाले नागरिक दोनों के लिए जान जोखिम में डालने जैसी स्थिति है। इससे दोनों को ही खतरा है, अतः लोग ऐसे मामलों से बचें जीवन महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Spread the love