आईजी के पास पहुंची महिला ने कहा-पुलिस कर रही परेशान, जेल भेजने की दे रहे धमकी
अंबिकापुर। बारात में आई युवती को किस करने के बाद घराती और बारातियों के बीच बनी विवाद की स्थिति के बाद एक महिला को जबरन फंसाने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना 4-5 माह पूर्व का है, जिसमें पुलिस एक व्यक्ति को जेल भेज चुकी है, और वह जमानत पर छूट चुका है। महिला का कहना है कि वह मौके पर मौजूद ही नहीं थी, फिर भी उसका नाम थाने में दर्ज कर लिया गया। महिला ने सरगुजा रेंज के आईजी से की गई शिकायत में थाना प्रभारी कोरंधा एवं एएसआई पर झूठे एवं बनावटी प्रकरण में अपमानित करते हुए जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया है, और न्याय की गुहार लगाई है।
मामला बलरामपुर जिले के कोरोंधा थाना अंतर्गत ग्राम हंसपुर का है, जहां एक युवती का विवाह था। जशपुर जिला के बगीचा थाना अंतर्गत ग्राम इंचोली से बारात आया था। बारात में नाचने के दौरान एक युवती को हसंपुर गांव का एक युवक किस ले लिया, जिससे बारातियों और घरातियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई, और हंसी-खुशी से भरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला थाने तक पहुंचा जिसमें पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमेें गांव की जोगेश्वरी नामक महिला का भी नाम दर्ज किया गया है, जबकि महिला का कहना है कि वह उस पूरे घटनाक्रम के समय बारात में शामिल ही नहीं थी। घटना के समय वह घर आए एक व्यक्ति को बस स्टैंड छोड़ने के लिए गई थी, इसके बाद भी पुलिस वाले उसे परेशान कर रहे हैं। जबकि घर वापस आते समय वह देखी कि किसी को मारने के लिए कुछ लोग दौड़ा रहे हैं, लेकिन वह माजरा नहीं समझ पाई और अपने घर आ गई थी। आरोप है कि स्थानीय पुलिस पैसे मांगने साथ-साथ गाली गलौज भी कर रही है। महिला ने थाना प्रभारी द्वारा मामले को दबाने के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है। सरगुजा रेंज के आईजी ने आश्वासन दिया है कि अगर वे घटना में शामिल नहीं हंै तो किसी प्रकार की कोई कार्रवाई उनके खिलाफ नहीं होगी।

Spread the love