रक्षाबंधन के मौके पर गृहग्राम गए लोगों के यहां हुई चोरी की वारदात
अंबिकापुर। रक्षाबंधन पर्व के मौके पर सूने मकानों को टटोलने में लगे चोरों ने अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्यालय जिला अभियोजन निदेशालय में पदस्थ कर्मचारी के बिशुनपुर गढ़ापारा में स्थित सूने मकान को निशाना बनाया। वहीं सीतापुर थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका व एक शिक्षक के यहां धावा बोलकर जेवरात और नकद रकम ले गए। चोरी की इन घटनाओं में चोरों ने 40 हजार रुपये नकद व लगभग 3 लाख रुपये का जेवरात सहित अन्य सामान पार किया है। मामले में संबंधित थाने में पुलिस केस दर्ज कर ली है।
राजेश कुमार एक्का ने पुलिस को बताया है कि रक्षाबंधन के मौके पर वह 09 अगस्त को सुबह 10 बजे अपने गृहग्राम कुड़केल, कांसाबेल गए थे। 10 अगस्त को शाम 6.30 बजे वापस बिशुनपुर स्थित मकान में पहुंचे तो मेन गेट में ताला लगा था। अंदर से कुण्डी बंद था। अंदर आने में असफल होने पर बाउण्ड्रीवॉल से अंदर प्रवेश किए तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। घर के अंदर सपरिवार प्रवेश करने पर कमरे में रखे अलमारी, सूटकेश, बिस्तर, कम्प्यूटर टेबल सहित पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ मिला। अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था, और अलमारी के अंदर रखा सोने का 03 जोड़ी कान का बाली, 01 नग नथनी, 01 जोड़ी पायल, चांदी का बिछिया एवं फास्टट्रेक की घड़ी, एचपी कंपनी का लैपटाप, माउस, सहित फ्रिज में रखी मिठाई भी चोर ले गए थे। राजेश एक्का ने पुलिस को बताया है कि मोहल्ले में कई प्रकार के लोगों का आना-जाना और रास्ते में बैठकर शराब का सेवन करते हुए शोर-शराबा करना होते रहता है। असामाजिक तत्वों की सक्रियता से परिवार की सुरक्षा को लेकर भय बने रहता है। रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्ज करके जांच, विवेचना में जुट गई है।
रक्षाबंधन मनाने गई शिक्षिका को लगी 60 हजार की चपत
सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल भुसू में शिक्षिका के पद पर पदस्थ सुखमनी उरांव के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और 60 हजार रुपये से अधिक का जेवरात चोरी कर लिया। शिक्षिका ने पुलिस को बताया है कि 09 अगस्त को सुबह लगभग 11 बजे वह ग्राम भुलसीटिकरा सोनतराई में स्थित घर में ताला बंद करके अपने गृहग्राम बेलजोरा रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने चली गई थी, वहीं साथ में रहने वाली बहन आकांक्षा 08 अगस्त को शाम करीब 07 बजे देवगढ़ गई थी। 10 अगस्त को दोपहर 1.30 बजे जब वह वापस अपने घर ग्राम सोनतराई, भुलसीटिकरा आई और बाहर के दरवाजा का ताला खोलकर अंदर गई तो दरवाजे में ताला नहीं लगा था, कुण्डी लगा हुआ था। दरवाजा खोलकर अंदर गई तो पीछे का दरवाजा खुला हुआ था, और अलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने पूरा सामान बिखेर दिया था। अलमारी के अंदर रखा सोने का कान का लटकन 3 जोड़ी, अंगूठी 2 नग, मंगलसूत्र का दाना 6 नग, पेंडेन्ट 1 नग, चांदी का पायल 2 जोडी, नकद रकम 10 हजार रुपये अलमारी में नहीं था।
शिक्षक के घर से नकदी सहित एक लाख का जेवरात चोरी
रक्षाबंधन के मौके पर परिवार के साथ घर गए शिक्षक के घर का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये नकद सहित एक लाख रुपये का जेवरात चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। माध्यमिक शाला उडुमकेला में पदस्थ शिक्षक नंदकुमार पैकरा ने पुलिस को बताया है कि ग्राम सोनतराई भुलसीटिकरा में स्थित निवास में ताला बंद करके 09 अगस्त को सुबह 06 बजे वे अपने परिवार के साथ गृह ग्राम टांगरगांव, जशपुर गए थे। 10 अगस्त को सुबह लगभग 08 बजे पडोसी सुखनाथ पैकरा फोन करके बताया कि उनके घर के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर जब वे सोनतराई भुलसीटिकरा आए तो घर के बाउंड्रीवॉल से लगे दरवाजे का ताला बंद था, घर के मुख्य दरवाजा का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर घुसकर देखने पर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। अलमारी के लॉकर में रखा सोने का चेन 1 नग, 3 सोने का मंगलसूत्र, सोने का अंगूठी 5 नग, कान का लटकन 2 जोड़ी, पायल चांदी का 3 जोड़ी, सोने का कान का टप्स 1 जोड़ी, कान का बाली 1 जोड़ी एवं नकद 30 हजार नहीं था। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love