अंबिकापुर। तीन सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई, 3 को मामूली चोट आई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम सोनवाही निवासी हेमन्त राजवाड़े पिता स्व. करमसाय 20 वर्ष, अशोक राजवाड़े के साथ मोटरसायकल में कहीं जा रहा था। 10 अगस्त को दिन में 11 बजे गांव का जीतू मानिकपुरी फोन करके महेन्द्र को बताया कि गांव में ही बीज भंडार दुकान के सामने मुख्य मार्ग में कार क्रमांक जेएच 01 डीडब्ल्यू 1475 का चालक उसके चचेरे भाई हेमन्त और अशोक को ठोकर मार दिया है, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को लटोरी स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने अशोक राजवाड़े को मृत घोषित कर दिया। घायल हेमन्त को प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दूसरी घटना में बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गहिला निवासी करमू कुजूर पिता सुरजन कुजूर 25 वर्ष की मौत हो गई। मृतक 9 अगस्त की रात को सेवाराम के साथ मोटरसायकल में कहीं जाने के लिए निकला था। रघुनाथपुर में कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन्हें ठोकर मार दिया, जिसमें करमू कुजूर को गंभीर चोट आई थी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 10 अगस्त को रिफर करने पर स्वजन उसे रायपुर लेकर जा रहे थे, रास्ते में सांस ऊपर-नीचे होने पर स्वजन उसको वापस मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद 11 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घटना में दो मोटरसायकल सवारों के बीच हुई टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम चुनगुड़ी निवासी वीरेन्द्र कुमार ठाकुर पिता प्रहलाद ठाकुर 34 वर्ष को गांव में ही दूसरे मोटरसायकल में सवार गांव के ही सूरज राजवाड़े पिता संजय राजवाड़े और भुनेश्वर राजवाड़े पिता उमाशंकर राजवाड़े ने ठोकर मार दिया था। गंभीर रूप से घायल विरेन्द्र को भटगांव स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां से रेफर करने पर स्वजन उसे होलीक्रॉस अस्पताल व जीवन ज्योति अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराए थे। यहां से भी चिकित्सक ने उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Spread the love