अंबिकापुर। इंटरनेट मीडिया पर महादेव सट्टा ऐप का एक वीडियो वायरल होने और इसमें आरक्षक प्रवीन्द्र सिंह का नाम सामने आने के बाद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने की चर्चा का बाजार गर्म है, वहीं अंबिकापुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस मामले में बयान देते हुए पत्रकारों के समक्ष कहा कि विष्णु का सुशासन है, गलत करने वालों के खिलाफ विष्णु का चक्र चलता रहेगा। दूसरी तरफ भाजपा के लोगों का शिकायती स्वर गूंज रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के अंबिकापुर के नगर अध्यक्ष निशांत सिंह उर्फ शोलू सिंह ने सरगुजा रेंज के आईजी से की गई शिकायत में आरक्षक प्रवीन्द्र सिंह पर महादेव सट्टा ऐप से जुड़े होने, पुलिस का रौब दिखाकर वसूली करने और प्रतिष्ठित लोगों को फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख है कि आरक्षक ने सट्टा के पैसों से बंद पड़े सरगवां स्थित पेट्रोल पंप को संचालित किया, इसी के बहाने अवैध कमाई को वैध दिखा रहा था। पेट्रोल पंप में क्यूआर कोड भी उसके नाम का होने की बात सामने आई है।

Spread the love