अंबिकापुर। थाना बतौली में कोटवार सम्मेलन का आयोजन करके ग्राम स्तर पर पुलिस की पकड़ कैसे मजबूत हो इस पर मंथन किया गया। कोटवारों की भूमिका आपराधिक गतिविधियों को रोकने में महत्वपूर्ण हो सकती है, इससे अवगत कराते हुए बाहरी व्यक्तियों के गांव में आमद-रफ़्त पर पुलिस टीम को सूचना देने कहा गया। साइबर ठगी के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।
बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने सभी थाना, चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में कोटवार सम्मेलन का आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थाना बतौली क्षेत्र के ग्राम कोटवारों का थाना परिसर में सम्मलेन आयोजित किया गया। सम्मलेन का उद्देश्य ग्राम कोटवारों एवं पुलिस टीम के आपसी समन्वय से ग्राम सुरक्षा को मजबूत करना एवं पुलिस के प्राथमिक सूचना तंत्र कोटवारों को जागरूक करना व ग्राम स्तर पर ठगी जैसी वरदातों को कम करना एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर सख्त $कानून व्यवस्था बनाए रखना है। बैठक के दौरान थाना प्रभारी बतौली ने कहा कि बाहरी या अनजान व्यक्ति के आने जाने, अनहोनी घटनाएं पर पैनी निगाह रखें। ग्राम स्तर पर किसी भी बड़े विवाद, झगड़े या दुर्घटना एवं जमीन विवाद की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल सूचना पुलिस टीम से साझा करने कहा गया। बैठक में ग्राम कोटवारों से साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों पर भी चर्चा की गई। ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल्स और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी साइबर चुनौतियों के बारे में बताया गया। इस दौरान थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, थाना के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।

Spread the love