अंबिकापुर। विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग कॉलेज, अंबिकापुर से वर्कशॉप से 6 नग मोटर अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। घटना की जानकारी एफआईआर दर्ज कराने की सक्षम स्वीकृति मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस को 10 दिन के अंतराल में दी गई है। चोरी की इस वारदात से विवि को 60 हजार रुपये की क्षति पहुंची है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंजीनियरिंग कॉलेज के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष व वर्कशॉप के प्रभारी सहायक प्रध्यापक पंकज सिदार ने पुलिस को बताया है कि संस्था के नवीन भवन के समीप शेड में वर्कशाप के उपकरण रखे हुए हंै। इनमें से लेथ मशीन व ग्राइंडिंग मशीन में 02 एच.पी. के मोटर लगे हुए थे, जिसमे से 06 मोटर पीछे के शेड को फैलाकर अज्ञात चोरों ने 05 मई की शाम 7 बजे से सुबह 6 मई की सुबह 10 बजे के बीच किसी ने चोरी कर लिया। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद 16 मई को लिखित में गांधीनगर थाना में दी गई है। विभागाध्यक्ष पंकज सिदार ने बताया है कि संस्था के नवीन भवन के समीप स्थित वर्कशाप से चोरी का मामला सामने आने पर 06 मई को सुबह 11 बजे वे विभाग के सहायक प्राध्यापक अमित एक्का, विजय कुमार शुक्ला, सहायक प्राध्यापक सिविल इंजीनियरिंग, डॉ. एच. चंद्रा सह प्राध्यापक मैकेनिकल इंजीनियरिंग, डॉ. आर.के. साहू सह प्राध्यापक बेसिक साइंस, सुदर्शन राम दै.वे.भो. के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया, जिसमें वर्कशाप से चोरी होने की पुष्टि हुई। 14 मई को सक्षम स्वीकृति मिलने व कुलपति के अनुमोदन उपरांत घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले में धारा 331(4), 305-(ए) का अपराध दर्ज किया है।

Spread the love