अंबिकापुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय सरगुजा एवं मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के संयुक्त तत्वाधान में डिस्ट्रीक मॉनिटरिंग कमिटी ऑन ऐसेसिबल इलेक्शन (डीएमसीएई) की बैठक जिला स्तर पर शुक्रवार को कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन एवं अपर कलेक्टर अमृतलाल ध्रुव के नेतृत्व में अपर कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग युवाओं की काउसलिंग की जाए, साथ ही दिव्यांग मतदाताओं के पहचान हेतु अभियान चलाएं तथा उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाते हुए शत-प्रतिशत वोटर आईडी कार्ड बनवाएं। दिव्यांग मतदाताओं हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को शिविर की जानकारी मिल सके। मतदान के समय दिव्यांगजनों की सुविधाओं को ध्यान में रखा जाए, साथ ही उनके आने-जाने के लिए विशेष सुविधा प्रदान की जाए। लोक निर्माण विभाग को कहा कि दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा हेतु रैम्प को सुविधाजनक बनाया जाए। उन्होंने मरम्मत योग्य रैम्प को तत्काल सुधारे जाने हेतु निर्देशित किया। सहायक नोडल अधिकारी स्वीप गिरीश गुप्ता ने कहा कि समाज में दिव्यांगों का बड़ा तबका रहता है, जिन्हें अपने अधिकारों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उप संचालक समाज कल्याण विभाग व्ही.के. उके  ने कहा कि चुनाव के दिन दिव्यांगों को वोट डालने हेतु अलग से लाइन की व्यवस्था हो एवं सीधे मतदान करने की सुविधा मिले। मतदान केन्द्र के समीप विशेषकर दिव्यांगों हेतु स्वास्थ्य कैंम्प लगाया जाए, प्रत्येक मतदान केन्द्रों में व्हीलचेयर की व्यवस्था हो। इसके साथ ही दिव्यांग मतदाताओं हेतु जिला प्रशासन द्वारा चुनाव के पूर्व उन्हें जागरूक करने हेतु गाइडलाइन जारी करने की बात कही गई। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, जिला दिव्यांग आईकॉन रीता अग्रवाल, डॉ. नीरज वर्मा, रतन लाल सोनी, सतीश साहू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love