अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता और त्वरित समाधान की दिशा में सुशासन तिहार के अंतर्गत शुक्रवार को मैनपाट विकासखंड के खड़गांव और सीतापुर विकासखंड के गेरसा में समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर विलास भोसकर सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
खड़गांव समाधान शिविर में 13 ग्राम पंचायतों को मिलाकर एक सेक्टर बनाया गया था, जिसमें खडगांव, पेंट, पिडिया, कुनकुरी खुर्द, चिड़ापारा, रजखेता, चैनपुर, कतकालो, बंदना, उडुमकेला, कोट, जजगा और काराबेल ग्राम पंचायत शामिल थे, समाधान शिविर में सुशासन तिहार के प्रथम चरण में प्राप्त मांग और शिकायतों के आवेदनों की जानकारी हितग्राहियों को दी गई। साथ ही मांग और शिकायतों के आवेदन भी लिए गए। विभागवार मांग और शिकायतों के 2753 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2750 आवेदन मांग के तथा 3 आवेदन शिकायतों के प्राप्त हुए थे। आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण किया जा चुका है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने राशनकार्ड फर्जीवाड़े की शिकायत पर कार्रवाई की जानकारी ली, जिस पर खाद्य निरीक्षक ने बताया कि 3 राशनकार्ड विलोपित किए गए हैं। विधायक ने हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदाय करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश सुशासन तिहार मना रहा है। कलेक्टर विलास भोसकर ने हितग्राही से प्राप्त आवेदनों की जानकारी देते हुए बताया कि आपने जो भी सुशासन तिहार के पहले चरण में मांग और शिकायतों का आवेदन दिया था, उसे प्राथमिकता से निराकरण किया गया है। कुछ आवेदन दस्तावेजों के अभाव में लंबित हैं उस पर कार्रवाई जारी है। इस दौरान खड़गांव ग्राम पंचायत की महिलाओं ने पेयजल समस्या को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए आवेदन के बारे में कलेक्टर को बताया, जिस कलेक्टर ने पीएचई विभाग के एसडीओ से जानकारी मांगी, उनके वॉटर लेबल कम होने का हवाला देने पर नाराज़गी जताई और तत्काल हैंडपंप में पाइप का विस्तार कर समस्या का निराकरण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। महिलाओं को समस्या का निराकरण नहीं होने पर इसकी सूचना देने को कहा। इस दौरान आम नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

Spread the love