वार्डवासियों सहित 14 लोगों को बनाया शिकार, जहर देने के बाद नजर नहीं आया

अंबिकापुर। शिवधारी कॉलोनी में पागल कुत्ते ने एक दर्जन से अधिक लोगों को काट लिया, जिससे लोग पिछले तीन दिनों से दहशत में हैं। निगम अमला पागल कुत्ते की खोज में लगा रहा, लेकिन उसका पता नहीं चला। दो दिन पूर्व से ही पागल कुत्ते ने आतंक मचा रखा था। जनसुरक्षा की दृष्टि से शनिवार को भी पागल कुत्ते का रेस्क्यू करने के लिए निगम की टीम कॉलोनी व आसपास के इलाके में घूम रही थी, लेकिन कुत्ता कहीं नजर नहीं आया।
जानकारी के मुताबिक शिवधारी कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त लिपिक अशोक श्रीवास्तव ने कुत्ते को पाला था, जो रैबीज से पीड़ित हो गया था। दो दिन पहले पागल होने की स्थिति में वह सबसे पहले अपने मालिक अशोक श्रीवास्तव पर ही अचानक हमला कर दिया। इसके बाद अधिवक्ता अशोक सिंह, सम्पूर्णा, सुमीत शर्मा सहित अन्य राहगीर जो भी सामने आते गए, वे पागल कुत्ते का शिकार बनते चले गए। वार्ड के पार्षद व वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक दुबे ने बताया कि उनकी जानकारी में वार्ड के 9 लोग पागल कुत्ता के काटने का शिकार बने हैं, इसके अलावा वार्ड के बाहर के 5 अन्य लोगों को भी पागल कुत्ते ने काटा है। हिंसक बने कुत्ते को बाद में जहर दिया गया, इसके बाद वह भौतिक रूप से कहीं नजर नहीं आया है। ऐसे में कुत्ता के जीवति नहीं रहने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कुत्ता इतना अधिक हिंसक रूप ले लिया था कि राह चलना लोगों का मुश्किल हो गया था। कुत्ते का रेस्क्यू करने के लिए निगम के जिम्मेदारों को भी सूचना दी गई थी, इसके बाद निगम का अमला सक्रिय है। कुत्ते को मारने के अलावा कोई और विकल्प भी नहीं था। कुत्ता जहर देने के बाद फिलहाल नजर नहीं आया है, लेकिन उसका बॉडी भी कहीं नहीं मिला है। ऐसे में वार्ड के लोग अपनी ओर से सतर्कता बरत रहे हैं।

Spread the love