अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार महिला सहित 2 की मौत, 1 का चल रहा उपचार
अंबिकापुर। शादी समारोह से वापस लौट रहे बाइक सवार अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, एक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में दम तोड़ दिया। एक अन्य का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिला के लैलूंगा थाना अंतर्गत ग्राम राजगांव निवासी मालती राठिया पिता चमरू राम कंवर 15 वर्ष, 22 अप्रैल को नीलम राठिया और कौशल राठिया के साथ ग्राम बूढ़ाडांड पत्थलगांव में आयोजित विवाह समारोह से वापस लौट रही थी। बाइक कौशल राठिया चला रहा था। बूढ़ाडांड़ में शिव मंदिर के पास इन्हें अज्ञात वाहन के चालक ने ठोकर मार दिया, जिसमें बाइक चला रहे कौशल की मौके पर ही मौत हो गई। घायल मालती और नीलम को पत्थलगांव स्वास्थ्य केन्द्र से रिफर कर दिया गया था। इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराना था, लेकिन संजीवनी 108 का चालक इन्हें शासकीय अस्पताल में भर्ती कराने के बजाए अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। रुपये खत्म होने पर मालती राठिया को स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां शुक्रवार को अलसुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।
