अंबिकापुर। विवाहिता के जहर सेवन करने के मामले में पिता की रिपोर्ट पर केदमा चौकी पुलिस ने आरोपी पति के विरूद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज करके अग्रिम विवेचना में लिया है।
मृतिका के पिता पिताम्बर यादव पिता कुंजल मनी यादव 43 वर्ष निवासी ग्राम केसमा, उदयपुर ने पुलिस को बताया है कि उसकी पुत्री दुर्गा का विवाह भागवत प्रसाद पिता रामनाथ यादव, निवासी ग्राम कुमडेवा से 27.04.2018 को हुआ था। विवाह के छह माह बाद ही दामाद भागवत प्रसाद उनकी पुत्री दुर्गा यादव 24 वर्ष के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट, दुर्व्यवहार करना प्रारंभ कर दिया था। बच्चों के जन्म के बाद भविष्य में ठीक हो जाएगा सोचकर उनकी पुत्री यातना सहती रही और इसकी शिकायत कहीं भी नहीं की थी। पिता ने संभावना जताई है कि 26.02.2025 को शाम लगभग 7-8 बजे दामाद भागवत प्रसाद ही उसे जहर पिला दिया होगा, क्योंकि घटना दिनांक 26 फरवरी को दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट का शोर कुमडेवा ग्राम में रहने वाले पड़ोसी रामकुमार यादव ने सुना और देखा था। दुर्गा यादव को होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान 01 मार्च 2025 को उसकी मृत्यु हो गई थी। मृतिका के तीन बच्चे हंै। पुलिस ने मामले में पति के विरूद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज कर लिया है।
