अंबिकापुर। सेवानिवृत सहायक उप निरीक्षक एवं आरक्षक की अर्द्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने के बाद भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान इन्हें पीपीओ आदेश प्रदान किए गए।
सरगुजा पुलिस में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक शिवमन कौशिक एवं आरक्षक राम श्यामले के अर्द्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने के बाद सेवानिवृत होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित कर इन्हें भावभीनी विदाई दी गई। सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने कहा कि सेवानिवृत सहायक उप निरीक्षक शिवमन कौशिक एवं आरक्षक श्री राम श्यामले ने ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन कर संवेदनशील पुलिसिंग में अपना सहयोग सरगुजा पुलिस को प्रदान किया है। अब हमें सेवानिवृत हो रहे सहायक उप निरीक्षक एवं आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदनशील होकर पुलिस परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी है। कार्यलयीन अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी सेवानिवृत हो चुके अधिकारी, कर्मचारियों की सुध लेते रहें, किसी भी प्रकार की तकलीफ में त्वरित सहायता हेतु उपलब्ध रहें। पुलिस अधीक्षक द्वारा सेवानिवृत उप निरीक्षक एवं उनके स्वजनों को किसी भी समस्या की स्थिति में कार्यालय आकर प्रत्यक्ष रूप से मिलकर समस्या का निदान कराने कहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इन्हें स्वस्थ्य जीवन की शुभकामनाएं देकर आगे निरंतर जीवन में प्रगति करने की कामना की। इस दौरान सेवानिवृत सहायक उप निरीक्षक व आरक्षक से उनके कार्यकाल के अनुभव को साझा किया गया एवं सेवानिवृति के पश्चात की योजनाओं के संबंध में भी जानकारी ली गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इन्हें शाल-श्रीफल के साथ मोमेंटो प्रदान कर भावभीनी विदाई दी। विदाई सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, स्टेनो फबियानुस तिर्की, मुख्य लिपिक निरीक्षक (एम) अजय गुहा, उप निरीक्षक (एम) संजय गुहा के अलावा समस्त कार्यालयीन स्टाफ एवं सेवानिवृत पुलिस अधिकारी कर्मचारी के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
