शुक्रवार की रात थार में सवार ट्रांसपोर्टर की कार से हुई थी टक्कर, खूनी परिदृश्य को देखकर सहमे लोग
अंबिकापुर। शहर के रिंग रोड में शुक्रवार को देर रात महेन्द्रा थार और कार की भिड़ंत के बाद कार सवारों ने दबंगई दिखाते हुए सूरजपुर के ट्रांसपोर्टर संजय सिंह की बेरहमी से पिटाई कर दी। थार सवार से मारपीट करने के दौरान कार सवारों ने गर्दन उतार देने की धमकी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर डॉयल 112 के साथ पहुंची पुलिस मूकदर्शक बनी रही। बाद में कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। घायल ट्रांसपोर्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर निवासी ट्रांसपोर्टर संजय सिंह अपनी थार वाहन से रामानुजगंज चौक की ओर जा रहे थे। प्रतापपुर चौक से पहले शिवधारी कॉलोनी मार्ग में कार चालक ने अचानक गाड़ी मोड़ दिया, जिससे थार वाहन में सवार ट्रांसपोर्टर को संभलने का मौका नहीं मिला और कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद थार सवार संजय सिंह अपनी गाड़ी को साइड में रोककर कार सवारों की स्थिति देखने के लिए गए थे, इसी दौरान उन पर प्राणघातक हमला कार में सवार वसीम कुरैशी, डॉ. मोनू कुरैशी ने कर दिया। मारपीट में कुछ अन्य लोग भी सहभागी बने। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा थी, जो खौफनाक नजारे का वीडियो बना रहे थे, लेकिन किसी ने भी गुण्डों की तरह अमानवीय तरीके से मारपीट करने में लगे लोगों को रोकने की कोशिश नहीं की। हमलावरों ने संजय सिंह के सिर को खंभे से टकराया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। इसके बाद भी आरोपी ट्रांसपोर्टर से मारपीट करते रहे। लगभग आधे घंटे तक मारपीट के बीच कुछ लोगों के पहुंचने पर अधमरा हाल में थार सवार को आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अपने हाल पर छोड़ दिया। गंभीर हालत में ट्रांसपोर्टर ने इसकी रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है। बेरहमी से मारपीट करते हुए गुण्डों की तरह बर्ताव करने वाला कार सवार वसीम कुरैशी शिवधारी कॉलोनी निवासी बताया जा रहा है, जिसके कृत्य के आगे लोग तमाशाबीन बने खड़े थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बेरहमी पूर्वक मारपीट करते लोग नजर आ रहे हैं, इसे देखने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। मामले में पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरूद्ध धारा 296, 351 (3), 115 (2), 5 बीएनएस का मामला दर्ज किया है।
गर्दन उतार देने की दे रहे थे धमकी
मारपीट में घायल ट्रांसपोर्टर संजय सिंह ने बताया कि वे शुक्रवार की रात को करीब 10 से सवा 10 बजे के बीच बस के काम से रोजाना की भांति रामानुजगंज चौक की ओर जा रहे थे। प्रतापपुर चौक से पहले शिवधारी कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग में काले रंग की कार में सवार लोग तेज रफ्तार में अपनी गाड़ी को मोड़ दिए, जिससे उन्हें समय रहते अपनी वाहन को नियंत्रित करने का मौका नहीं मिला और उनकी वाहन, कार के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। इसके बाद वे मानवता के नाते अपनी गाड़ी को किनारे करके कार सवारों को देखने गए थे। इतने में उन पर प्राणघातक हमला वसीम कुरैशी और डॉ. मोनू कुरैशी ने कर दिया, बाद में अन्य लोग भी आ गए। लहूलुहान हालत में उनके साथ लगभग आधे घंटे मारपीट की गई और सिर खंभे से टकराते हुए गर्दन उतार देने की धमकी दी गई।
बयान
सूरजपुर के संजय सिंह शुक्रवार की रात को लगभग 10.30 बजे अपनी पर्सनल महेंद्रा थार कार से जा रहे थे, इसी दौरान शिवधारी कॉलोनी के पास एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद कार में सवार वसीम कुरैशी और डॉ. मोनू कुरैशी ने उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की, जिसमें उन्हें सिर, कमर और सीने में चोट आई है। मामले में गांधीनगर थाने में आरोपियों के विरूद्ध अपराध कायम किया गया है। प्रकरण में गंभीरता से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस वैधानिक कार्रवाई करेगी।
अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Spread the love