अंबिकापुर। गायत्री शक्तिपीठ अंबिकापुर के द्वारा शहर के कलाकेन्द्र मैदान में चार दिवसीय राष्ट्र जागरण शक्ति संवर्धन 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी के तहत महिला एवं बाल विकास विकास विभाग के मितानिन कार्यकर्ताओं को हरिद्वार से आई आठ सदस्यीय टीम व स्थानीय गायत्री परिवार के सदस्यों ने प्रशिक्षण दिया। शांतिकुंज हरिद्वार से मुख्य कथावाचक संध्या तिवारी के साथ आए ललिता, अनिता, अनुराधा, सीमा, उमा के अलावा विध्नेश्वर, वेद प्रकाश ने गर्भवती महिलाएं अपनी आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बना सकें, इसके लिए यह पहल की है। इसी क्रम में प्रात: 8 बजे से गायत्री महायज्ञ एवं विविध संस्कार भी हुए। अपरान्ह 3 बजे से युवा चेतना जागरण, शाम 5 बजे से राष्ट्र जागरण भव्य दीप महायज्ञ हुआ। आज 8 फरवरी, शनिवार को प्रात: 8 बजे से गायत्री महायज्ञ एवं विविध संस्कार की पूर्णाहुति होगी। गायत्री महायज्ञ को लेकर भक्तों में उत्साह बना हुआ है। यहां लगाए गए नशा मुक्ति शिविर को देखने भी काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

Spread the love