अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार पोस्टमॉर्टम के दौरान मृत महिला के पेट से 12 किलोग्राम वजनी फाइब्राएड ट्यूमर निकलने का मामला सामने आया है। राजमाता श्रीमति देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल में अब तक जीवित महिला के पेट से ऑपरेशन करके 12 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला गया है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना पुलिस के समक्ष 27 दिसम्बर 2024 को शहर के थाना कोतवाली अंतर्गत चोपड़ापारा में प्रिया सिंह के यहां किराए के कमरे में अकेले रहने वाली पखरसिया तिग्गा पिता रिस्टोर तिग्गा 50 वर्ष के मौत की सूचना मिली थी। उक्त दिनांक को अलसुबह 3 बजे वह अपने कमरे से बाथरूम जाते समय संभवत: जमीन में गिरकर अचेत हाल में पड़ी थी। इसकी सूचना मिलने पर मकान मालकिन व अन्य किराएदारों ने उसे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल में पहुंचाया था। यहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। पंचनामा की कार्रवाई के बाद पुलिस ने महिला की मृत्यु का असली कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया था और बीएनएस की धारा 195 के तहत जांच कार्रवाई में लगी थी। पुलिस जब जांच के दौरान मृत्यु संबंधित जानकारी हासिल की तो पता चला कि मृतिका अविवाहित और पढ़ी-लिखी थी। उसके द्वारा मकान मालिक सहित अन्य को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने से संबंधित जानकारी दी जाती थी। कई वर्षों से वो किराए के घर में अकेले ही रहा करती थी। उसके कमरे में किसी प्रकार का उपचार से संबंधित कागज या दवा का रेपर भी नहीं मिला था। आसपास के लोग, किराएदारों से ही उसके लिए दो वक्त खाने का व्यवस्था हो जाता था। इस बीच महिला के पेट में ट्युमर का आकार बढ़ते गया। संभावना है कि लोकलाज व आर्थिक दिक्कतों के चलते वह अपने बढ़े हुए पेट के आकार की बात को किसी से साझा नहीं की और ना ही किसी अस्पताल में स्वयं का चेकअप करवाया। घटना दिनांक को प्रात: 3 बजे बाथरूम जाते समय पैर फिसलने से वह गिर गई। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भारी-भरकम कठोर टयूमर के दबाव के कारण उसके फेफड़े में चोट आने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मृत्यु होना बताया है। हालांकि शव परीक्षण के दौरान चिकित्सक को महिला के गर्भावस्था में होने की संभावना थी, बारीकी से परीक्षण में पेट का आकार बढ़ने का कारण ट्यूमर होना पाया गया। इसकी पुष्टि पैथालॉजी जांच में भी हुई थी।
बयान
मृत महिला के बच्चादानी में रसोली फाइब्रॉएड होने की पुष्टि मेडिकल कॉलेज के हिस्टोपैथोलॉजी विभाग में ऊतक के नमूनों की जांच में हुई है। प्रदेश में पहली बार पोस्टमॉर्टम के दौरान मृत महिला के पेट से 12 किलोग्राम वजनी फाइब्रॉएड ट्यूमर निकला है। अब तक जीवित महिला के पेट से ऑपरेशन के दौरान 12 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला गया है।
डॉ. सन्टू बाग, ऑटोप्सी सर्जन
फोरेंसिक मेडिसिन विभाग, मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर

Spread the love