कार व मोबाइल फोन सहित आरोपी गिरफ्तार, प्रयागराज कुम्भ से लौट रहे थे कार सवार
बलपूर्वक चाभी छीनकर कार लेकर भाग गया था लुटेरा
अंबिकापुर। क्रेटा कार की लूट के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार करके कार व मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
बस्तर जिला के जड़ीपारा थाना भानपुरी निवासी पूनम दास पाण्डेय ने 25 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 24 जनवरी को वे अपने साथियों के साथ प्रयागराज कुम्भ से अपनी क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 पीएफ 3364 से घर जा रहे थे। इस दौरान रात लगभग 01.30 बजे वे अंबिकापुर गांधी चौक पहुंचे, यहां अन्य गाड़ी वाले से उनकी गाड़ी में खरोंच लग गया। आपस में बातचीत करने के दौरान वे अपनी गाड़ी को एक साइड में ले जाकर खड़ा कर दिए थे, तभी अज्ञात 20-25 साल का लड़का उनके पास आया और धमकाते हुए गाड़ी का चाबी छीनने लगा। जब वे अपनी गाड़ी में बैठने को हुए तो उक्त युवक धक्का देकर जबरन हाथ से क्रेटा कार का चाबी लूटकर गाड़ी को स्टार्ट करके वहां से भागा। उक्त युवक का आवाज लगाते हुए उन्होंने अपने साथियों के साथ पीछा किया, लेकिन वह गाड़ी को लूटकर मौके से भाग गया। कार में मोबाइल फोन भी रखा था। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 309(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस आरोपी के तलाश में लगी थी, इस दौरान के एक संदिग्ध के द्वारा रेलवे स्टेशन अंबिकापुर के कार पार्किंग में क्रेटा कार को खड़ा करने की सूचना मिली। मौके पर पुलिस पहुंची और संदेही मित्तल सिंह उर्फ मित्तल नामदेव 22 वर्ष, निवासी माखन विहार के पीछे को कब्जे में लेकर पूछताछ की तो उसने घटना दिनांक को रात्रि 1.30 बजे ब्रम्ह रोड से माखन बिहार की ओर पैदल जाते समय गांधी चौक से उक्त क्रेटा कार को लूटकर फरार होना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के वाहन पार्किंग में खड़ी कार क्रमांक सीजी 04 पीएफ 3364 एवं कार में रखे मोबाइल को जप्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करके पुलिस वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, स्पेशल टीम प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक विपिन तिवारी, आरक्षक संजीव चैबे, आनंद गुप्ता, सत्येंद्र दुबे, देवेंद्र पाठक, बृजेश राय, सत्यम सिंह, अतुल सिंह सक्रिय रहे।

Spread the love