दिल्ली- – संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने का सिलसिला जारी है। हालांकि प्रदेश सरकार ने अभी तक किसी राजनैतिक दल के प्रतिनिधि मंडल को संभल जाने की अनुमति नहीं दी है।

खबर आ रही है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार सुबह संभल जाएंगे और पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। इस बात की जानकारी सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद ने दी। वहीं मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष रिजवान कुरैशी और प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी हिंसा प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया और उनकी समस्याओं को सुना।
प्रियंका गांधी ने की पीड़ित परिवारों से बात
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेताओं ने पीड़ितों की प्रियंका गांधी से फोन पर बात भी कराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की नाकामी के चलते ऐसी घटनाएं हो रही हैं। संभल में 24 नवंबर की सुबह जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी थी।
हिंसा में हुई थी पांच की मौत, 20 से अधिक घायल
सर्वे के दौरान हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसमें कई पुलिसकर्मी भी शामिल थे। घटना के बाद चार दिनों तक बाजार बंद रहे और इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। हिंसा के बाद संभल में प्रशासन ने हालात सामान्य करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। अभी तक 300 से अधिक लोगों के पोस्टर जारी किए जा चुके हैं।

Spread the love