चेतावनी-अपने कृत्यों से बाज आए, अन्यथा हर स्तर पर दो-दो हाथ करने भाजपा के कार्यकर्ता तैयार
अंबिकापुर। संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कांग्रेस पर प्रदेश में अशांति और अराजकता फैलाने के लिए षड्यंत्र करने का आरोप लगाया।
विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रदेश में अशांति और अराजकता फैलाने का षड्यंत्र किया जा रहा है। प्रदेश में जहां भी अपराध और तनाव जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है, उसके जड़ में कांग्रेस है। उन्होंने कहा कांग्रेस और कांग्रेस के लोग जान-बूझकर छत्तीसगढ़ को आग में झोंक कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए पहले ख़ुद अपराध को जन्म देते हैं, षड्यंत्र रचते हैं और सरकार को घेरने में इनके बड़े नेता लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधि कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर तय साजि़श के तहत हो रहा है। कांग्रेसियों का मंसूबा है कि समूचे देश-प्रदेश को अराजकता में धकेल दो, फिर चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करो, भय और अपराध का वातावरण निर्मित करो। छत्तीसगढ़ में भी हर आतंक और अपराध के पीछे कांग्रेस का ही खूनी पंजा है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार और छत्तीसगढ़ समेत तमाम राज्यों में हुए स$फाए से अब जनता के प्रति बदले की भावना से भरी हुई है। वह समाज में अशांति फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश भर में घटित कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस घटना को राजनीतिक रंग दे रही है। कांग्रेस के इस कृत्य की जितनी भर्त्सना की जाए, कम है। उन्होंने कहा बलौदाबाजार में योजनाबद्ध तरीके से कलेक्टर और एसपी कार्यालय जलाए गए, इस प्रकरण में कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव के साथ-साथ सैकड़ों कांग्रेसी जेल में बंद हैं। महीनों बाद भी किसी अदालत ने इन्हें जमानत देने लायक नहीं पाया है। सूरजपुर में पुलिस कर्मी की पत्नी और बच्चे की जघन्य हत्या करने वाला एनएसयूआई का जि़ला महासचिव था, एनएसयूआई का जिलाध्यक्ष भी इस घृणित कृत्य में शामिल रहा। लोहारीडीह कांड में भी बार-बार अशांति फैलाने और दो समूहों को लड़वाने का काम कांग्रेस की है। केशकाल में युवा कांग्रेस का ब्लॉक उपाध्यक्ष 500 रुपये के लाखों के न$कली नोट के साथ पुलिस के गिरफ्त में आया है। कांग्रेस के नेता और संबंधित अधिकारियों पर कोयला घोटाला, शराब घोटाला, पीएससी घोटाला, महादेव घोटाला के आरोप हैं। विधायक ने कांग्रेस को सुधर जाने की नसीहत देते हुए कहा कि इनके कृत्यों को छत्तीसगढ़ $कतई सहन नहीं करेगा। भाजपा की सरकार तो प्रदेश में हर $कीमत पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है, हमारा संगठन भी लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस का मुकाबला करने तैयार है। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस के आपराधिक कृत्य के विरोध में सभी जि़ला मुख्यालय में पुतला दहन करेगा। कांग्रेस को स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि वह अपने कृत्यों से बाज आए, अन्यथा उससे हर स्तर पर दो-दो हाथ करने भाजपा के कार्यकर्ता तैयार हैं। कांग्रेस को प्रदेश में अशांति, अराजकता और आतंक फैलाने और फिर उस आग में अपना हाथ सेंकने की छूट हम बिल्कुल नहीं दे सकते। भाजपा जि़ला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की उपस्थिति में आहूत पत्रकार वार्ता के दौरान पार्षद आलोक दुबे, जिला सह संवाद प्रमुख रुपेश दुबे, संजीव वर्मा, जितेंद्र सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।
इधर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा
प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था को देखकर हम मौजूदा डबल इंजन की भाजपा सरकार को प्रशासनिक रूप से अनुभवहीन और अकुशल मानते थे, लेकिन भाजपा की सरकार और इसके जनप्रतिनिधि राजनीतिक रूप से भी अपरिपक्व हैं, इसकी पुष्टि तब हो गई जब कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए अंबिकापुर विधायक ने छत्तीसगढ़ की खराब कानून व्यवस्था के लिए कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया। सीबीआई, ईडी, पुलिस प्रशासन सब कुछ डबल इंजन की सरकार के अधीन है। मैं भाजपा की डबल इंजन सरकार को चुनौती देता हूं कि वो 10 दिन के भीतर साबित करे कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था साजिशन खराब की जा रही है, नहीं तो अंबिकापुर विधायक 10 दिन के बाद अपने आज के बयान के लिए क्षमा प्रार्थना करें, जनता उन्हें उनके इस अपरिपक्व बयान के लिए अवश्य माफ करेगी।
राकेश गुप्ता, अध्यक्ष
जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा
