अंबिकापुर। पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम जिले के स्कूल, कॉलेज जाकर छात्र-छात्राओं को विभिन्न अपराधों के प्रति सजग करने जन जागरूकता शिविर आयोजित कर रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के उपस्थिति में कोतवाली थाना पुलिस टीम, यातायात शाखा पुलिस एवं पुलिस मितान के सदस्यों ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर में जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया। पुलिस टीम ने अभिव्यक्ति ऐप, साइबर सुरक्षा के उपाय, और महिला हेल्पलाइन के उपयोग पर जोर डालते हुए छात्राओं को सशक्त बनाया। साइबर खतरों के प्रति सचेत करते हुए छात्राओं को स्व अधिकार और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरगुजा पुलिस के द्वारा छात्राओं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने सतत प्रयास किए जा रहे हैं। जागरूकता कार्यक्रम के जरिए छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा आप सभी छात्राओं के बीच आकर कार्यक्रम करने का प्रमुख उद्देश्य है कि आप सभी पुलिस टीम से सीधे जुड़ सकें और घर-परिवार एवं अन्य स्थानों पर हो रही परेशानियों को स्वयं खुलकर बता सकें। छात्राएं अपनी समस्याओं को अपने माता-पिता से बताएं, किसी भी परेशानी का निदान बात करके किया जा सकता है। सरगुजा पुलिस द्वारा आगे भी निरंतर ऐसे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में नव साक्षरता उल्लास से प्रीति तिवारी और रजनीश मिश्रा सहित पुलिस मितान के सदस्य श्रुति तिवारी, शिवांगी गुप्ता, सुधा यादव, अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, फैज अहमद और श्रेयांश तिवारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
नवीनतम किस्म के हो रहे साइबर अपराध-परिहार
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह परिहार ने साइबर अपराध के बारे में छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में साइबर अपराध सबसे नवीनतम किस्म का हो रहा है। आपकी छोटी से लापरवाही आपको वित्तीय नुकसान करा सकती है, ऐसे मामलों में आवश्यक है कि छात्राएं अपने स्वजनों से जुड़े रहें और किसी भी प्रकार की घटना का आभास होने पर तत्काल स्वजन को सूचित करके पुलिस सहायता प्राप्त करें। उप निरीक्षक रम्भा साहू ने अभिव्यक्ति ऐप का उपयोग करने के तरीके बताते हुए गुड टच, बैड टच की जानकारी दी। उन्होंने कहा छात्राओं, महिलाओं को किसी भी परेशानी में नि:संकोच पुलिस की सहायता लेनी चाहिए और सुरक्षा के हरसंभव उपाय करने चाहिए।
त्रिनेत्र हेल्पलाइन नंबर 9627344000 में दें सूचना
यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त द्वारा छात्राओं को यातायात के नियमों एवं सुरक्षा के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। उन्होंने स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया, साथ ही सरगुजा पुलिस के त्रिनेत्र हेल्पलाइन नंबर 9627344000 की जानकारी दी। उन्होंने बताया इस हेल्पलाइन नंबर पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों की सूचना भेजी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्तियों का नाम गोपनीय रखा जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य आरएल मिश्रा द्वारा विद्यालय और पुलिस विभाग के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान हमारे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
प्रतियोगिताओं में छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लीं
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं यातायात सुरक्षा पर भाषण और कहानी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल की छात्राओं ने भाग लिया। इसमें विद्यालय की छात्रा श्रुति ने प्रथम, साइना ने द्वितीय एवं डिंपल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं की प्रस्तुति सराहनीय रही। प्रतिभागियों को सरगुजा पुलिस द्वारा ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिका सुनीता दास की देखरेख में विशेष चित्रकला एवं रंगोली प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने रंगोली और सरगुजा पुलिस के ट्रैफिक पर आधारित चित्रकला प्रस्तुत किया, जिसने महिलाओं की सुरक्षा के महत्व और समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से सुरक्षा और जागरूकता के संदेश को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
