मुख्यमंत्री को डाक से भेजा पत्र, कोई ऐसा राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं, जहां सुरक्षित हो सफर
सरगुजा संभाग से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। ऐसा कोई भी मार्ग नहीं है, जहां रोजाना राहगीर, वाहन चालक खतरे का सामना न करते हों। गाहे-बगाहे दर्दनाक मंजर भी सामने आता है। ऐसे हालातों के बीच भाजपा-कांग्रेस के नेता भी अपनी डफली अपना राग अलापने में पीछे नहीं हटते हैं। इसी क्रम में आगामी सात सितम्बर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बलरामपुर जिले में आगमन होना है। इसे देखते हुए राजपुर क्षेत्र के एक जनपद सदस्य ने उन्हें पत्र भेजकर आग्रह किया गया है कि, वे सड़क मार्ग से आएं तो महति कृपा होगी।
बता दें कि अंबिकापुर-मनेन्द्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्दशा को लेकर सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज ने स्कूटी में कलेक्टर को बैठाकर अन्य अधिकारियों के साथ मनेन्द्रगढ़ मार्ग की हिचकोले खाते यात्रा की थी। इसके बाद भी बेपरवाह अधिकारियों को गड्ढों को पाटने की पहल नहीं की। इसके बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री इस राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति का जायजा लेने के लिए सिर्फ निकले नहीं बल्कि निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ गांधीगिरी दिखाते हुए बिना शोरगुल के गड्ढों को पटवाने में रूचि दिखाई थी, इसके बाद इस मार्ग से आने-जाने वालों को राहत मिली। जनसहयोग से पाटे गए इन गड्ढों के बाद बारिश क्या बंद हुई, धूल का गुबार ऐसा उठने लगा कि लोग धूल-धुसरित होने लगे। कांग्रेस का यह टोटका भाजपा को नहीं पचा और इनका युवा विंग भारतीय जनता युवा मोर्चा निगम की सड़कों में गड्ढे खोजने में कामयाब हो गया और बिशुनपुर में प्रदर्शन करके महापौर को ऐनक का प्रतिरूप भेंट किया था। इधर निगम के महापौर सहित अन्य राष्ट्रीय राजमार्ग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आइना दिखाने के लिए उनके दफ्तर पहुंच गए, इसे उन्होंने घेराव की संज्ञा दी थी। यहां ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय और लोनिवि की सड़कों की दुर्दशा को सुधारने का आग्रह किया गया, सुध नहीं लेने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई थी। बहरहाल स्थिति में कोई खासा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। तीन-चार दिन से बंद बारिश के बाद इस मार्ग में चलने वाली छोटी और भारी वाहनों के बाद लोग धूल के गुबार में समाहित नजर आ रहे हैं। बुधवार को दोपहर बाद हुई थोड़ी बारिश के बाद धूल से कुछ राहत लोग महसूस करते देखे गए।
जनपद सदस्य ने लोगों की तकलीफ को कुछ ऐसे किया बयां
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के राजपुर अंतर्गत क्षेत्र क्रमांक-3 के जनपद सदस्य नीरज तिवारी ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर डाक के जरिए भेजा है, जिसमें उनसे सड़क मार्ग से राजपुर आने का आग्रह किया गया है। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 अंबिकापुर-राजपुर से रामानुजगंज के बीच स्थित है। ना केवल राजपुर बल्कि अंबिकापुर से रामानुजगंज के बीच की 110 किलोमीटर की सड़क कई जगहों में बेहद खराब हो चुकी है। इस सड़क मार्ग पर गागर, गेऊर और महान नदी पर बने पुल-पुलिया का हाल भी बदहाल है। जिला प्रशासन से लेकर राज्य सरकार को जनप्रतिनिधियों ने कई पत्र लिखा है, लेकिन हालात में बदलाव नहीं आया है। राजपुर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र भेजने के पीछे कारण यह है कि वे सड़क मार्ग से आकर देखें, आम जनता और वाहन चालक किन परेशानियों के बीच जोखिम भरा सफर तय कर रहे हैं। जनपद सदस्य नीरज तिवारी ने सीएम साय को भेजे पत्र में, बदहाल सड़क से लगातार हो रही विभिन्न परेशानियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा है कि इस वजह से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की है कि 7 सितम्बर को जनमन कार्यक्रम के तहत उनका आगमन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर में होगा। अगर उनका आगमन अंबिकापुर से राजपुर तक सड़क मार्ग से हो तो लोगों की तकलीफ और परेशानियों का एहसास उन्हें भी हो सकता है। हो सकता है इस समस्या का त्वरित निदान भी हो जाए।

Spread the love